कानपुर में प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग

2 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

कानपुर। शहर के संगीत टॉकीज के पास स्थित एक प्लाईवुड गोदाम में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने कुछ ही देर में गोदाम में रखे प्लास्टिक उत्पादों को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक सामग्री में आग लगने से धुएं का घना गुबार उठने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। लाटूश रोड, कर्नलगंज, फजलगंज और मीरपुर कैंट फायर स्टेशन से कुल नौ दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) दीपक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल सात दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया था। मौके पर पहुंचने पर चारों ओर घना धुआं फैला हुआ था और दृश्यता बेहद कम हो गई थी। एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि आग गोदाम की पहली मंजिल पर बने प्लास्टिक की कुर्सियों के स्टोर में लगी थी। प्लास्टिक सामग्री के कारण आग के साथ धुआं भी काफी अधिक उठ रहा था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।

CFO के अनुसार फिलहाल कूलिंग का कार्य जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button