
- कानपुर की अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग
- जाजमऊ के बुढ़िया घाट इलाके की घटना
- 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
- स्टोर में रखा बुरादा बना आग फैलने की वजह
कानपुर। कानपुर के जाजमऊ इलाके में रविवार तड़के बुढ़िया घाट स्थित राणा इंटरनेशनल अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री संचालक का नाम मोहम्मद राहत है। स्टोर में अगरबत्ती बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में बुरादा रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
आग की सूचना मिलने पर जाजमऊ फायर स्टेशन से दो और मीरपुर स्टेशन से एक अतिरिक्त दमकल वाहन मौके पर भेजा गया। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम किया।
हादसे में फैक्ट्री में रखा बुरादा, तैयार माल और कई मशीनें जलकर राख हो गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल फायर विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रही है।









