दरगाह किछौछा की चूड़ी गली में भीषण आग, 10 गुमटीनुमा दुकानें राख

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र स्थित दरगाह किछौछा की चूड़ी गली में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। रात करीब एक बजे उठी लपटों ने देखते ही देखते लगभग दस गुमटीनुमा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया।

जनरल स्टोर से आयुर्वेदिक दवाखाने तक सब स्वाहा

आग की चपेट में मेराज का जनरल स्टोर, हसीब की खिलौना-चूड़ी की दुकान, वाजिद की खिलौनों की दुकान और सिराजुद्दीन की चूड़ी की दुकान आ गई। जियावन गुप्ता और मुमताज शाह की चादर-सिन्नी की दुकानें भी पूरी तरह प्रभावित हुईं।

इसके अलावा चुन्नू शाह और वसीम इशहाक शाह की आयुर्वेदिक दवाखाने की दुकान भी जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार सभी दुकानों में रखा माल पूरी तरह नष्ट हो गया है।

फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम मौके पर जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button