
- शाहदरा के विवेक विहार की चार मंजिला इमारत में आग
- 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक मासूम की मौत
- सुबह 3:47 बजे मिली सूचना, 4 घंटे में पाया काबू
- 10-15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
नई दिल्ली। नई दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल है।
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:47 बजे मिली थी। दमकल की टीमों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 8 बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान बिल्डिंग में फंसे 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
हादसे में मृतकों के शव अलग-अलग मंजिलों से बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पहले फ्लोर से 1 शव, दूसरे फ्लोर से 5 शव और सीढ़ियों से 3 शव मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण बाहर नहीं निकल सके।
दूसरे फ्लोर पर मिले मृतकों की पहचान अरविंद जैन, अनीता जैन, निशांत जैन, आंचल जैन और डेढ़ साल के आकाश जैन के रूप में हुई है। वहीं तीसरे फ्लोर पर नितिन जैन, शैले जैन और सम्यक जैन मृत पाए गए। पहले फ्लोर पर शिखा जैन की मौत हुई, जबकि उनके पति नवीन जैन घायल हैं।
स्थानीय पार्षद ने बताया कि कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। DNA जांच के बाद ही सभी मृतकों की सही पहचान हो सकेगी।









