मथुरा। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे वृंदावन के रुक्मणी विहार इलाके में निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय 4-5 मजदूर नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। शटरिंग गिरने से मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबे मजदूरों का रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबा हटाया गया। बचाव दल ने एक मजदूर का शव बाहर निकाला, जबकि तीन घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान 2 और मजदूरों की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान दो और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। एक मजदूर का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। मृतकों में दो पश्चिम बंगाल और एक नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
DM-SSP ने मौके पर पहुंचकर जांच की
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।









