
- राज्य पुरस्कार चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने पर जोर
- अधिकारियों को समस्याओं के मौके पर समाधान के निर्देश
- दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास की अपील
अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में दिव्यांगजनों की सहायता एवं कल्याण से संबंधित चार महत्वपूर्ण समितियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में लोकल लेबल कमेटी, जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति, यूडीआईडी कार्ड अनुश्रवण समिति एवं आगामी 3 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु आवेदन चयन समिति के एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी और दिव्यांगजन प्रतिनिधि
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के साथ-साथ स्वैच्छिक संस्था लोक जागृत संस्थान एवं दिव्यांगजन प्रतिनिधि दीपक कुमार भी मौजूद रहे।
दिव्यांग पेंशन एवं कृत्रिम अंग योजना पर विशेष जोर
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दिव्यांग पेंशन योजना और कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण योजना को जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाया जाए। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड में विशेष शिविर लगाकर आवेदन पत्र भरवाने और पात्रों को तत्काल लाभान्वित करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
समस्याओं के प्राथमिक निस्तारण पर बल
जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
राज्य पुरस्कार हेतु आवेदन चयन प्रक्रिया की समीक्षा
बैठक में 3 दिसंबर को दिव्यांग दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर दिए जाने वाले पुरस्कार हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा पात्रता, दस्तावेज और योगदान के आधार पर चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने पर सहमति बनी।









