लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ नगर निगम ने शहरभर में मेगा स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत हजरतगंज चौराहे पर स्थित गांधी प्रतिमा से हुई, जहां लखनऊ की महापौर Sushma Kharkwal और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सड़क पर झाड़ू लगाकर विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ किया।
नगर निगम द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत शहर के सभी 110 वार्डों में एक साथ सफाई कार्य किया गया। स्थानीय पार्षदों के नेतृत्व में सड़कों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और प्रमुख चौराहों की व्यापक सफाई कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल ने जीपीओ स्थित लौह पुरुष Sardar Vallabhbhai Patel की प्रतिमा की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने त्रिलोकी नाथ मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय में भी विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की और स्वयं श्रमदान किया।
मेयर ने कहा कि स्वच्छ शहर और स्वच्छ पर्यावरण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जोन-1 के जोनल अधिकारी ओपी सिंह समेत नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम ने नागरिकों से लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।









