नई दिल्ली। तीन दिन की देरी से दस्तक देने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु को पार करते हुए मानसून गोवा पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में भी जल्द मानसून के पहुंचने की संभावना है। फिलहाल पणजी, बेंगलुरु, सलेम और पंबन समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।
केरल में भारी बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट का अर्थ है कि अगले 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। वायनाड और कासरगोड जिलों में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साथ ही पर्यटन स्थलों पर ट्रेकिंग, पहाड़ी क्षेत्रों में रात्रि यात्रा और पत्थर खनन जैसी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में मानसून असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। वहीं अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा में प्रवेश करने की संभावना है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसके बाद मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है। स्काईमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञ जीपी शर्मा के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मानसून को आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत मौसमी सिस्टम की आवश्यकता होती है, जो फिलहाल सक्रिय नहीं है।









