विधानसभा के पास मां-बेटी ने किया आत्मदाह का प्रयास

संडीला की रहने वाली महिलाओं को पुलिस ने समय रहते रोका, न्याय न मिलने का आरोप

लखनऊ। लखनऊ में विधानसभा के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र की रहने वाली एक मां और बेटी ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को समय रहते रोक लिया, जिससे बड़ी घटना टल गई।

पुलिस ने दोनों महिलाओं को सुरक्षित हजरतगंज थाने ले जाकर पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों हरदोई के संडीला क्षेत्र की निवासी हैं और उनका विवाद गांव के मकान में चोरी और संपत्ति से जुड़े मामले को लेकर चल रहा है।

परिवार का आरोप है कि पिछले एक महीने से वे संडीला थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर चोरी और मारपीट का मामला दर्ज नहीं किया गया। इसी से नाराज होकर वे न्याय की मांग को लेकर लखनऊ पहुंचे थे।

महिला का कहना है कि उनके परिवार में संपत्ति विवाद और चोरी की घटनाओं को लेकर गंभीर समस्या है, लेकिन स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही। उनका आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट की गई और गंभीर घटनाओं की भी कोशिश हुई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक हस्तलिखित प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button