लखनऊ। सआदतगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक परिवार में हुए विवाद के दौरान 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति और बेटे के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची थीं, तभी अचानक गिरकर बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना कटरा बिजन बेग चौकी क्षेत्र के तकिया पीर ज्ञान मोहल्ले की है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के रहने वाले रईस अहमद का बेटा सलमान शराब का आदी है। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका अपने पिता से विवाद शुरू हो गया।
परिजनों के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर सलमान की मां जीनत उर्फ मरजाना (60) बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरकर बेहोश हो गईं। आसपास के लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलने के बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने घर लौटकर शराब के नशे में बैठे सलमान को पकड़ लिया और उसे हैंडपंप से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।









