ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव शुरू- नगर निगम ने चलाया विशेष अभियान

  • नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर संचारी रोगों के खिलाफ मुहिम
  • झीलों और जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव
  • मैन्युअल पहुंच से दूर क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक का उपयोग

लखनऊ। बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर निगम सतर्क हो गया है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शहर भर में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग अभियान तेज कर दिया गया है। जलभराव वाले इलाकों की पहचान कर वहां विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि मच्छरों के पनपने से पहले ही रोकथाम हो सके।

ड्रोन से हो रहा छिड़काव

नवाचार के तहत नगर निगम ने ड्रोन की मदद से भी एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है। गुरुवार को जोन 1 में बटलर पैलेस झील और जोन 2 में मोती झील पर ड्रोन से छिड़काव किया गया। इस दौरान जोन 1 के अपर नगर आयुक्त ललित कुमार और जोन 2 के अरुण कुमार गुप्त ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। नगर निगम के अनुसार झीलों, बड़े भूखंडों और निर्माणाधीन क्षेत्रों में मैन्युअल छिड़काव कठिन होता है, इसलिए ऐसे क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जागरूकता अभियान भी चलाया

नगर निगम द्वारा संचारी रोगों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम और कूड़ा कलेक्शन वाहनों के माध्यम से लगातार संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। निगम की टीम विभिन्न स्क्रीनों और माध्यमों से नागरिकों को सतर्क रहने की अपील कर रही है।

Back to top button