महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के नागपुर जिले के काटोल तहसील स्थित कोंढाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। प्रभाग 17 में खुले और असुरक्षित गड्ढे में गिरने से 3 वर्षीय मासूम लाभांश चंदनखेड़े की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है और स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
गड्ढे ने ली मासूम की जान
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की शाम बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास के एक निजी प्लॉट पर पहुंच गया, जहां एक गहरा गड्ढा खोदा गया था। गड्ढा पानी और कीचड़ से भरा हुआ था और उसे ढकने या सुरक्षित करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसमें गिरने के बाद बच्चा बाहर नहीं निकल सका और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
तलाश के बाद मिला शव
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार और पड़ोसियों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्चा उसी गड्ढे में मिला। उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर नागपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना के बाद परिजनों ने सीधे तौर पर स्थानीय नगरसेवक और प्लॉट मालिक को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि आवासीय क्षेत्र में बिना सुरक्षा के इतना खतरनाक गड्ढा छोड़ना घोर लापरवाही है।
पुलिस जांच शुरू
मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने ऐसे खुले गड्ढों पर ध्यान दिया होता, तो यह हादसा टल सकता था।









