
- संचालक विवेक मौर्य बोले – “युवाओं की सेवा ही सबसे बड़ी परीक्षा”
- स्वयंसेवकों की तैनाती, साफ-सफाई, पेयजल और शांत वातावरण की गारंटी
- अभ्यर्थी पूर्व संध्या से परीक्षा दिवस तक ले सकेंगे सेवा का लाभ
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (PET 2025) के अंतर्गत जिले में आने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मूर्त रूप देते हुए नारायण फाउंडेशन ने 6 और 7 सितंबर को होने वाली PET परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क आवास, भोजन और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई है। यह व्यवस्था टांडा के मौर्य चौराहा स्थित मौर्या स्टेट एंड जगत पैलेस गेस्ट हाउस एवं मौर्या स्टेट मैरिज लॉन, मौर्य नगर, पुंथर में की गई है।
परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर जिले में पड़ने वाले ऐसे सभी अभ्यर्थी जो दूर-दराज से आ रहे हैं और रहने की व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं, वे नारायण फाउंडेशन की इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। यह सुविधा परीक्षा की पूर्व संध्या से शुरू होकर परीक्षा दिवस तक जारी रहेगी, जिससे अभ्यर्थी मानसिक रूप से शांत रहकर परीक्षा की तैयारी कर सकें।
फाउंडेशन के संचालक विवेक मौर्य ने इस पहल पर बात करते हुए कहा, “जब देश का युवा मेहनत करके अपने भविष्य को गढ़ने निकलता है, तब हम सबकी ज़िम्मेदारी बनती है कि हम उसके मार्ग में आने वाली छोटी-बड़ी बाधाओं को दूर करें। यह सेवा सिर्फ ठहरने या खाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक विश्वास है, एक साथ खड़े होने की भावना है। हम मानते हैं कि इन परीक्षार्थियों की सेवा करना ही आज के समय की सबसे बड़ी परीक्षा है और हम इसे पूरे मन से निभा रहे हैं।”









