राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान की शुरुआत

अंबेडकरनगर। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाते हुए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान का शुभारंभ बृहस्पतिवार को बसखारी मार्ग स्थित उपसंभागीय परिवहन कार्यालय से किया गया। अभियान का उद्घाटन कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, उप संभागीय परिवहन अधिकारी सतेंद्र यादव, एक्सईएन सौरभ सिंह और क्षेत्राधिकारी नितीश तिवारी ने जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार के आह्वान पर यह अभियान शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के साथ नियमों का कड़ाई से पालन ही सड़क हादसों को रोक सकता है।

जागरूकता वाहन जनपद में करेगा प्रचार-प्रसार

उप संभागीय परिवहन अधिकारी सतेंद्र यादव ने बताया कि अभियान के तहत जागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाएगा और आमजन को यातायात सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, गति सीमा का पालन और सड़क नियमों के पालन के प्रति प्रशिक्षित करेगा। पहले सप्ताह में वाहन के माध्यम से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित होंगे। इसके पश्चात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान में शिक्षा विभाग भी सहयोग देगा। स्कूलों में चित्रकला, भाषण और नाटक प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे युवाओं में नियमों के पालन की आदत विकसित होगी और भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

सूचना एवं परिवहन विभाग करेगा व्यापक प्रचार-प्रसार

सूचना विभाग और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से अभियान का प्रचार-प्रसार करेंगे। जिले के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से जनता को सड़क नियमों के पालन के महत्व से अवगत कराया जाएगा। जागरूकता अभियान का लक्ष्य है कि सभी नागरिक सड़क सुरक्षा के नियमों को गंभीरता से लें और सड़क पर सावधानी अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button