अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने अकबरपुर स्थित RPRN स्कूल से जुड़े मामले में जिलाधिकारी से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने विद्यालय भवन के वैध मानचित्र, सुरक्षा मानकों और भूमि संबंधी मामलों पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
आयोग को भेजी गई जांच आख्या के परीक्षण के बाद कहा गया है कि उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट में विद्यालय भवन का स्वीकृत मानचित्र उपलब्ध न होने की बात सामने आई है। ऐसे में बिना वैध मानचित्र के नेशनल बिल्डिंग कोड (NBC)-2005 के तहत सुरक्षा मानक प्रमाण-पत्र और अग्नि सुरक्षा मानक प्रमाण-पत्र जारी किए जाने के आधार की जांच करने को कहा गया है।
अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था पर भी मांगा जवाब
आयोग ने पत्र में उल्लेख किया है कि जांच में विद्यालय के आवागमन मार्ग के लिए श्मशान भूमि और तालाब की भूमि पर अतिक्रमण की बात सामने आई है। जिलाधिकारी से अतिक्रमण हटाने की समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
साथ ही यह भी पूछा गया है कि भवन के मानचित्र के वैधीकरण और सुरक्षा मानकों की पुनः पुष्टि होने तक विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विद्यालय प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से क्या अंतरिम व्यवस्था की गई है।
उच्च स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश
आयोग ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय पुनर्समीक्षा कर विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा की गई कार्रवाई की अद्यतन आख्या 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है। पत्र में निर्धारित अवधि में जवाब न मिलने पर आयोग द्वारा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।









