कानपुर में नए सर्किल रेट लागू, जमीन और संपत्ति खरीदना हुआ महंगा

  • कानपुर में शुक्रवार से नई सर्किल दरें लागू
  • मेहरबान सिंह पूरवा में जमीन का रेट दोगुना से ज्यादा
  • फ्लैट पर 18% कॉमन सुविधा शुल्क खत्म

कानपुर में शुक्रवार से नई सर्किल दरें लागू हो गई हैं। इसके साथ ही अब शहर में जमीन, मकान, दुकान और फ्लैट खरीदना पहले से महंगा हो गया है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी मेहरबान सिंह पूरवा में दर्ज की गई है, जहां आवासीय जमीन का दाम 4600 रुपये से बढ़कर 10,000 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गया है।

फ्लैट खरीदारों को राहत

हालांकि खरीदारों को कुछ राहत भी दी गई है। फ्लैट खरीदते समय लगने वाला 18% कॉमन सुविधा शुल्क खत्म कर दिया गया है। इसके अलावा कृषि भूमि की खरीद में भी रियायत दी गई है।

किन क्षेत्रों में कितनी बढ़ोतरी

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी के अनुसार, सबसे ज्यादा सर्किल रेट सरसौल, चौबेपुर, ककवन, शिवराजपुर, पतारा और घाटमपुर में बढ़े हैं। यहां औसतन 34.99% की वृद्धि दर्ज हुई है।

  • सदर प्रथम – 26.75%

  • सदर द्वितीय – 34.27%

  • सदर तृतीय – 34.99%

  • सदर चतुर्थ – 28.83%

  • नर्वल – 31.66%

  • बिल्हौर – 22.90%

  • घाटमपुर – 27.20%

बहुमंजिला इमारतों और भूखंडों में बदलाव

  • चार तल तक के बहुमंजिला आवासीय भवनों के निर्माण मूल्य में 30 से 60% तक की कमी की गई।

  • बड़े आवासीय भूखंडों पर भी छूट दी गई है –

    • 1000 से 2000 वर्गमीटर तक 20%

    • 2000 से 3000 वर्गमीटर तक 25%

    • 3000 वर्गमीटर से अधिक पर 30% की कमी।

दुकानों और वाणिज्यिक निर्माण में भी बदलाव

दुकानों और वाणिज्यिक निर्माणों का मूल्यांकन अब नई दरों से होगा। कार्पेट एरिया आधारित मूल्यांकन में मूल्य ह्रास की सीमा 10-20% तय की गई है। वहीं, फार्म हाउस संपत्तियों और कृषि भूमि का मूल्यांकन भी नई व्यवस्था से किया जाएगा।

आपत्तियों के बाद लागू हुई दरें

नई दरें लागू करने से पहले 9 से 21 अगस्त तक आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। कुल 75 आपत्तियां दर्ज की गईं, जिन्हें 22 अगस्त को डीएम की अध्यक्षता में निस्तारित किया गया। इसके बाद संशोधन कर दरें प्रभावी कर दी गईं।

Back to top button