मानसा। पंजाब के मानसा जिले के कुलाना गांव में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार तड़के एक व्यक्ति के घर छापेमारी की। यह कार्रवाई सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुई और कई घंटों तक जारी रही। जांच एजेंसी पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी से कथित संपर्कों के मामले में पूछताछ और साक्ष्य जुटाने में लगी है।
सूत्रों के अनुसार, कुलाना गांव निवासी यदविंदर सिंह की पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के साथ चैट और बातचीत हुई थी। इसी संबंध में NIA की टीम उनके घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। टीम ने घर में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की और विभिन्न दस्तावेजों की भी पड़ताल की।
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शहजाद भट्टी और यदविंदर सिंह के बीच किस प्रकार का संपर्क था और कथित तौर पर उनसे किस तरह के काम करवाने की योजना बनाई जा रही थी। इस दौरान मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई।
यदविंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनका संपर्क शहजाद भट्टी से हुआ था। उस दौरान दोनों के बीच कुछ चैट और बातचीत हुई थी। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद उनका शहजाद भट्टी से कोई संपर्क नहीं रहा। इसी मामले में पहले भी NIA की टीम उनसे पूछताछ कर चुकी है।









