महिला सशक्तिकरण की ओर एनटीपीसी टांडा का नया कदम

  • एनटीपीसी टांडा ने CSR के तहत महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाया
  • गरिमा महिला मंडल के निर्देशन में शुरू हुआ ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम
  • अध्यक्षा संघमित्रा परिदा ने प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन कर किया शुभारंभ

टांडा (अंबेडकरनगर)। एनटीपीसी टांडा ने अपने नैगमिक सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ा है। गरिमा महिला मंडल के निर्देशन में “ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम” की शुरुआत की गई है, जो स्थानीय महिलाओं को व्यावसायिक दक्षता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा संघमित्रा परिदा द्वारा नवस्थापित गरिमा प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन और शिलापट्ट अनावरण के साथ की गई। उन्होंने इसे महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस प्रयास बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिदा ने कहा,“इस तरह के व्यावसायिक प्रशिक्षण न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें स्वरोज़गार के लिए तैयार भी करते हैं। मेरी सभी बहनों से अपील है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अपने जीवन को नए आयाम दें।”
इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को न केवल सौंदर्य प्रसाधन व तकनीकी ज्ञान प्रदान किया जाएगा, बल्कि उन्हें स्थानीय स्तर पर सेवाएं देने या अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
एनटीपीसी टांडा लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय सामाजिक कार्यक्रम चला रहा है। यह नया प्रशिक्षण कार्यक्रम उसी कड़ी का एक हिस्सा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं न केवल हुनरमंद बनेंगी बल्कि परिवार और समाज के आर्थिक ढांचे में भी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।

Back to top button