न्यायालय के आदेश पर जमीन दिलाने के नाम पर ठगी का मुकदमा दर्ज

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर जनपद में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आलापुर थाना क्षेत्र के सुलेमपुर उर्फ बीरनपुर निवासी बुद्धिराम ने अहिरौली थाना क्षेत्र के रज्जूपुर दरवन निवासी संतोष कुमार पर प्लॉट दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद अहिरौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुरानी पहचान का हवाला देकर लिया गया पैसा
प्रार्थी के अनुसार, वर्ष 2018 में लखनऊ में प्लॉट खरीदने के लिए जमीन की आवश्यकता थी। इसी दौरान परिचित संतोष कुमार ने भरोसा दिलाया कि उसकी कई लोगों से पहचान है और वह जमीन दिलवा सकता है। आरोप है कि इसी विश्वास के आधार पर 8 दिसंबर 2018 को रज्जूपुर दरवन स्थित घर पर बुलाकर बुद्धिराम से ढाई लाख रुपये और उनके सहयोगी पंकज कुमार से डेढ़ लाख रुपये लिए गए। कुल चार लाख रुपये देने के बाद शेष रकम रजिस्ट्री के समय देने की बात कही गई।

लंबे समय तक टालमटोल, फिर रुपये लौटाने से इनकार
रुपये देने के बाद कई वर्षों तक जमीन नहीं दिलाई गई। बार-बार संपर्क करने पर टालमटोल की जाती रही। आरोप है कि 3 मार्च 2024 को जब रुपये वापस मांगने के लिए आरोपी के घर पहुंचे तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। इस दौरान रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया गया।

थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
घटना के बाद अहिरौली थाने में लिखित शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 28 जून 2024 को पुलिस अधीक्षक को पंजीकृत डाक से सूचना भेजी गई, इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। कार्रवाई न होने पर मामला न्यायालय में धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button