
- सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने सपा पर साधा निशाना
- बोले- अपराधियों को जाति देखकर संरक्षण देती है सपा
- सड़क पर नमाज और जौनपुर एनकाउंटर पर भी दिया बयान
Om Prakash Rajbhar ने गुरुवार को आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष Akhilesh Yadav पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “95 प्रतिशत अपराध करने वाले यादव समाज से आते हैं” और सपा अपराधियों को जाति देखकर संरक्षण देने की राजनीति करती है।
राजभर आजमगढ़ के सर्किट हाउस में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
बोले- सपा का पुराना कल्चर है अपराधियों को बचाना
ओपी राजभर ने कहा कि बाराबंकी में राजभर समाज के व्यक्ति की गर्दन काट दी गई और मऊ में बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि ऐसे कई मामलों में आरोपी यादव समाज से थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े और दलित समाज के लोगों की हत्या तथा उत्पीड़न की घटनाओं पर अखिलेश यादव चुप्पी साध लेते हैं। लेकिन जब आरोपी उनकी जाति का होता है, तब उसे बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी जाती है।
जौनपुर एनकाउंटर पर विपक्ष को घेरा
जौनपुर मुठभेड़ मामले को लेकर भी राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस आरोपी रवि यादव के समर्थन में विपक्ष बयानबाजी कर रहा है, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत 23 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को पहले आरोपी का आपराधिक इतिहास पढ़ लेना चाहिए, उसके बाद कोई बयान देना चाहिए।
सड़क पर नमाज पढ़ने को बताया गलत
सड़क पर नमाज अदा करने और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को लेकर जारी सरकारी निर्देशों का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि हाईकोर्ट की स्पष्ट व्यवस्था है कि सार्वजनिक मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath भी लगातार लोगों से मस्जिदों में नमाज अदा करने की अपील करते रहे हैं।
विपक्ष पर लगाया दोहरे रवैये का आरोप
राजभर ने कहा कि विपक्ष पिछड़े और दलित समाज से जुड़े उत्पीड़न के मामलों पर चुप्पी साध लेता है। लेकिन जब आरोपी किसी विशेष जाति का होता है, तब उसे बचाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि एक दलित जनप्रतिनिधि की हत्या के आरोपियों को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता पुलिस अधिकारियों तक से मिलने पहुंचे थे।









