भारत के हमले की आशंका पर एकजुट हुए पाकिस्तान के राजनीतिक दल

  • राजनीतिक दलों की एकजुटता
  • सेना की ब्रीफिंग
  • PTI की अनुपस्थिति

इस्लामाबाद। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच पाकिस्तान की सेना ने रविवार देर रात देश के तमाम राजनीतिक दलों को मौजूदा हालात पर ब्रीफिंग दी। सेना की ओर से कहा गया कि अगर भारत हमला करता है, तो पाकिस्तान की समूची राजनीतिक व्यवस्था एक साथ खड़ी होगी। बैठक में शामिल सभी दलों ने भारतीय कार्रवाई की स्थिति में सेना के साथ एकजुटता दिखाने का आश्वासन दिया।

ISPR और सूचना मंत्री ने की ब्रीफिंग
यह विशेष ब्रीफिंग पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ISPR के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी और सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने की। पाकिस्तानी अखबार डॉन के अनुसार, सभी दलों ने यह स्पष्ट किया कि वे भारत के किसी भी संभावित हमले की स्थिति में सरकार और सेना के साथ खड़े रहेंगे।

इमरान की पार्टी PTI मीटिंग से दूर
गौरतलब है कि इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI शामिल नहीं हुई। पार्टी की ओर से कहा गया कि वह तब तक किसी सरकारी बैठक में हिस्सा नहीं लेगी, जब तक इमरान खान की जेल से रिहाई नहीं होती।

सेना ने दी अपनी तैयारियों की जानकारी
बैठक में पाक सेना ने अपनी सैन्य तैयारियों के बारे में भी बताया और कहा कि भारत की ओर से किसी भी हमले की स्थिति में तुरंत और प्रभावी जवाब दिया जाएगा। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर सभी दलों का दृष्टिकोण जानना चाहती है, ताकि देश एकजुट होकर निर्णय ले सके।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तनाव पर बैठक आज

भारत ने पहलगाम हमले के लिए सीधे पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में आपात बैठक बुलाने की मांग की।

Back to top button