लखनऊ में बिजली संकट से लोग बेहाल

ट्रांसफार्मर जलने से कई इलाकों में घंटों गुल रही सप्लाई

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में उमस भरी गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर खराब होने और तकनीकी खामियों के कारण घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को गर्मी और पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।

तैलीबाग क्षेत्र के कल्ली पश्चिम स्थित जगत खेड़ा में रविवार देर रात 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इसके साथ ही एबीसी लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे चिंगारियां निकलने लगीं। स्थानीय निवासियों आदित्य सिंह, संजय, कुलदीप शर्मा, अंकुश राहुल और जगदेव ने बताया कि देर रात बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।

क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 7 बजे के बाद बिजली बहाल हो सकी। इस दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर बदलने और क्षतिग्रस्त एबीसी लाइन की मरम्मत में जुटे रहे। करीब 20 घंटे तक इलाके के लोगों को बिजली और पानी की समस्या झेलनी पड़ी। हालांकि सप्लाई शुरू होने के कुछ समय बाद ही एबीसी लाइन में फिर आग लग गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने विरोध जताया। बाद में देर रात लाइन को दोबारा ठीक किया गया।

वहीं दुबग्गा, पारा, मोहान रोड और जानकीपुरम न्यू कैंपस उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। आदर्श विहार फीडर से जुड़े करीब 4 हजार उपभोक्ताओं को लगभग पांच घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती के कारण लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों की समय रहते मरम्मत कर आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button