विधायक खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

अम्बेडकरनगर। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधायक खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भीटी क्षेत्र के सोनावां गांव स्थित अभ्युदय डिफेंस एकेडमी परिसर में सोमवार को प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित इस स्पर्धा में विभिन्न आयु वर्गों के बालक और बालिका खिलाड़ियों ने दौड़, वॉलीबाल और कबड्डी सहित कई खेलों में भाग लिया।

अधिकारियों ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ युवा कल्याण अधिकारी सुभाषिनी और एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने का अवसर प्रदान करती हैं।

दौड़ प्रतियोगिताओं में दिखी कड़ी प्रतिस्पर्धा
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 100 मीटर सीनियर बालिका वर्ग में वैष्णवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में सौम्या ने बाजी मारी। बालक वर्ग सीनियर 1500 मीटर दौड़ में रवि राजभर प्रथम रहे, जबकि जूनियर वर्ग में संदीप ने पहला स्थान हासिल किया।

बालिका वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन
1500 मीटर सीनियर बालिका वर्ग में आद्विका पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग में आसू ने जीत दर्ज की। 800 मीटर दौड़ में जूनियर बालक वर्ग से अविनाश और बालिका वर्ग से शिवांगी ने पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button