नई दिल्ली/पेरिस/ब्रातिस्लावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर हैं। इसी क्रम में रविवार को फ्रांस के नीस शहर में उन्होंने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया में कुछ देशों के रिश्ते ऐसे होते हैं जो केवल व्यापार या कूटनीति से आगे बढ़कर एक साझा सोच और विजन पर आधारित होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस का संबंध भी इसी तरह का है, जो भरोसे और भविष्य की साझा दिशा पर टिका है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत की सराहना करते हुए कहा कि भारत इनोवेशन का देश है और फ्रांस कई क्षेत्रों में ‘मेक इन इंडिया’ का भागीदार रहा है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी है।
मैक्रों ने यह भी कहा कि नागरिक परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच सहयोग की बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर (SMR) जैसी नई परमाणु तकनीकों में भी संयुक्त रूप से काम करने की बात कही।









