टांडा, अम्बेडकरनगर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पालिका परिषद टांडा की ओर से मंगलवार को पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने आयोजित हुआ, जहां रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे दुकानदारों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
मेले में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया गया तथा स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण वितरण की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
पंजीकरण और ऋण वितरण पर रहा फोकस
कार्यक्रम के दौरान नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे दुकानदारों ने भाग लिया। अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजना की जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहयोग करते हुए योजना से जुड़े लाभार्थियों की सहायता की। बैंक प्रतिनिधियों ने पात्र आवेदकों को ऋण प्रक्रिया की जानकारी दी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं।
आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शबाना नाज और अधिशासी अधिकारी प्रियंका मिश्रा मौजूद रहीं। उन्होंने योजना के उद्देश्य और लाभों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक शमशाद जुबैर एवं राजस्व निरीक्षक सलमान खान ने किया। इस दौरान कार्यालय अधीक्षक निशांत पांडेय, लिपिक अरशद जमाल, हरिश्चंद्र पाठक, मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद अहमद सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।









