अम्बेडकरनगर। थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक महिला ने थानाध्यक्ष पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
घर के सामने कब्जे का प्रयास का आरोप
ग्राम सरायहंकार निवासी चानमती ने शिकायत में कहा है कि उसके घर के सामने स्थित भूमि पर विपक्षी पक्ष द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार मामला न्यायालय में विचाराधीन है और यह वाद अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कोर्ट में लंबित है।
धमकी और दबाव बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही झूठे मुकदमों में फंसाने की चेतावनी भी दी जा रही है।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में उसे घर से हटाने और जमीन पर कब्जा दिलाने का दबाव बनाया गया।
सुरक्षा की मांग
महिला ने आशंका जताई है कि विवाद के चलते उसके परिवार के साथ किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। उसने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।









