लखनऊ। लखनऊ में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। अब आवंटियों को मकान का कब्जा लेने के लिए पूरी रकम जमा करने का इंतजार नहीं करना होगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने निर्णय लिया है कि केवल 25 प्रतिशत भुगतान जमा करने पर लाभार्थियों को मकान का भौतिक कब्जा दिया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए 30 जून से 2 जुलाई 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस शिविर में पात्र आवंटियों के साथ अनुबंध कर मकान कब्जा देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एलडीए के अनुसार बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में जुलाई 2025 और फरवरी 2026 की लॉटरी में चयनित 1822 नए आवंटियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। हाल ही में इन लाभार्थियों को आवंटन पत्र जारी किए गए हैं।
प्राधिकरण का कहना है कि इस पहल से हजारों परिवारों को जल्द अपने घर में रहने का अवसर मिलेगा। इससे लोगों को किराए के मकानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे अपने स्थायी आवास में शिफ्ट हो सकेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक मकान की कुल कीमत 4.79 लाख रुपए निर्धारित है। लाभार्थियों को पहले 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। इसके बाद रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कर मकान का कब्जा सौंप दिया जाएगा। शेष राशि का भुगतान सात वर्षों में 84 मासिक किश्तों के माध्यम से किया जा सकेगा। प्रत्येक किश्त लगभग 5,428 रुपए होगी। हालांकि जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड और अन्य शुल्क अलग से देय होंगे।









