अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी

महिला अपराध और लूट-चोरी पर सख्त निगरानी के निर्देश

अम्बेडकरनगर। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने रणनीति तेज कर दी है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अपराधों की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में महिला सुरक्षा, संगठित अपराध, चोरी-लूट की घटनाओं और जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

महिला अपराधों पर विशेष फोकस

पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रभावी पुलिसिंग के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही शातिर और अभ्यस्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

आईजीआरएस शिकायतों की होगी सीधी निगरानी

बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता कर फीडबैक लिया जाए। इससे शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित हो सकेगी।

थानों पर नियमित रात्रि गणना और अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव के भी निर्देश दिए गए।

चोरी-लूट रोकने को बढ़ेगी गश्त

जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही गौकशी से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button