
- राज्य महिला आयोग ने अधिकारियों को दिए निर्देश
- अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
- महिलाओं से खुलकर शिकायत रखने की अपील
Meerut के सर्किट हाउस में गुरुवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य Dr. Himani Agrawal ने महिला जनसुनवाई की। इस दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, छेड़खानी, मानसिक उत्पीड़न, मारपीट, जमीन और संपत्ति विवाद समेत वृद्ध महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामले सामने आए। कई महिलाओं ने पारिवारिक समस्याओं और मानसिक तनाव को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई।
आयोग को पुलिस से संबंधित कुल 9 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। डॉ. हिमानी अग्रवाल ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस को संवेदनशीलता के साथ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना जरूरी है।
डॉ. हिमानी अग्रवाल ने महिलाओं से खुलकर अपनी बात रखने की अपील की और कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने बताया कि अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देकर जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है। आयोग की ओर से इस बार किसी भी मामले को लंबित नहीं रखा गया।
जनसुनवाई में जिला प्रोबेशन अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महिला थाना पुलिस, एएचटीयू टीम और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।









