पुणे-मुंबई मिसिंग लिंक पर रीलबाजी का वीडियो वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल

पुणे-मुंबई मिसिंग लिंक पर रीलबाजी का वीडियो वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल

मुंबई : Maharashtra के पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के चर्चित मिसिंग लिंक सेक्शन से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में पुल के ऊपर क्रेन की ट्रॉली में बैठे कुछ कर्मचारी सोशल मीडिया रील बनाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम यानी MSRDC और निर्माण एजेंसियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना 180 फुट ऊंचे पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि चार से पांच मजदूर क्रेन ट्रॉली में मौजूद हैं, जबकि नीचे से तेज रफ्तार वाहन गुजर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताया है।

हाईवे पर सेल्फी और रुकने पर सख्ती

स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि अगर इस दौरान कोई छोटी सी चूक हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुल के नीचे गहरी खाई होने के कारण खतरा और बढ़ जाता है।

इसी बीच हाईवे पुलिस ने भी मिसिंग लिंक सेक्शन पर रुककर सेल्फी और फोटो लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि एक्सप्रेसवे पर वाहन 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं, ऐसे में बीच रास्ते में रुकना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।

पुलिस ने साफ कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और एक्सप्रेसवे पर कहीं भी अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button