
- राहुल गांधी ने कांग्रेस चिंतन शिविर में की शिरकत
- डोटासरा और टीकाराम जूली की तारीफ की
- 65 जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से की मुलाकात
अजमेर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को राजस्थान के अजमेर दौरे पर पहुंचे। किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उनका कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच बेहतर तालमेल है, जो अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण है।
चिंतन शिविर में शामिल हुए राहुल
राहुल गांधी पुष्कर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के 50 और दिल्ली के 15 जिला कांग्रेस अध्यक्षों सहित प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित किया।
परिवारों से की मुलाकात
पुष्कर स्थित वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्षों के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने परिवारों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
डीडवाना-कुचामन जिला कांग्रेस अध्यक्ष के परिवार से आए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद रमजान ने राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान पार्टी के शुरुआती चुनावी दौर की यादें साझा कीं।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब 10:05 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
राहुल गांधी को भेंट किया हल
किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने राहुल गांधी को किसानों के प्रतीक के रूप में हल भेंट किया। इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से पुष्कर के लिए रवाना हो गए।









