लखनऊ। लखनऊ के आजादनगर पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बुधवार रात यासीनगंज और अंबरगंज इलाके में की गई छापेमारी के दौरान दो ई-रिक्शा गैराज समेत कुल 12 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई।
जांच के दौरान दोनों गैराज में करीब 35 ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्ज होते मिले। टीम ने मौके पर बिजली चोरी के साक्ष्य जुटाने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
लेसा मध्य क्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय के अनुसार, भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। ऐसे में सबसे अधिक लाइन लॉस वाले इलाकों को चिन्हित कर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आजादनगर पावर हाउस क्षेत्र में विजिलेंस और बिजली विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
बिजली चोरी करते पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा-135 के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और ट्रिपिंग फ्री बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।









