
अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के कजरी नंदापुर गांव में शनिवार रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये की चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार के एक युवक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर नकदी भी निकलवा ली। घटना के बाद परिवार के लोगों में भय और दहशत का माहौल है।
पीड़ित अनुज कुमार चौहान ने मालीपुर थानाध्यक्ष को दी गई तहरीर में बताया कि घटना 23 मई की रात लगभग 1 बजकर 55 मिनट की है। परिवार के लोग घर में सो रहे थे, तभी चार बदमाश घर में घुस आए। सभी के चेहरे ढके हुए थे और उनकी उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।
अलमारी और कमरों को खंगालते रहे बदमाश
परिवार के अनुसार बदमाश काफी देर तक घर के अंदर बेखौफ होकर कमरों और अलमारी को खंगालते रहे। बदमाश सोने के हार, चार कंगन, सोने की कील, नथुनी, बिंदी, मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती आभूषण उठा ले गए।
इसके अलावा करीब दो किलो चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए गए। इनमें पावजेब, करधन, तीन पायल, चाँलकी इट, हसुनी, कड़ा, छह लच्छा और हवेल शामिल बताए गए हैं। बदमाश घर में रखे कीमती कपड़े भी एक बैग में भरकर अपने साथ ले गए।
भांजे की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर लूटे रुपये
परिवार ने बताया कि वारदात के दौरान बदमाशों ने अनुज कुमार चौहान के भांजे विशाल की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। इसके बाद उसे धमकाते हुए उनकी माता के कमरे तक ले गए और वहां रखे 13 हजार रुपये तथा करीब ढाई लाख रुपये नकद निकलवा लिए।









