हिमाचल में बारिश का दौर जारी, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

9 जून तक खराब रहेगा मौसम

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित राज्य के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। बीते 24 घंटों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि शिमला में लगातार वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज शिमला समेत पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बीते 24 घंटों में खदराला में 7.0 मिमी, जोत में 5.0 मिमी, कोटखाई में 3.3 मिमी और मंडी में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मनाली सहित कुछ क्षेत्रों में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है।

मौसम विभाग ने 5 जून को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में आंधी और तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 6 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में भी खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।

विभाग के अनुसार 7 जून से 9 जून तक भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लगातार बारिश के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button