आगरा में राजनाथ सिंह का बड़ा बयान

370 हटाने से लेकर आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई का जिक्र

आगरा। आगरा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार जाति, पंथ और मजहब की राजनीति नहीं करती, बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को एक झटके में हटाया गया और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया गया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति डर और तुष्टिकरण पर आधारित है, जबकि उनकी सरकार बिना डर के फैसले लेती है।

इससे पहले उन्होंने शमशाबाद में जिला पंचायत द्वारा स्थापित महाराणा प्रताप की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप के साहस और स्वाभिमान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समझौते की बजाय संघर्ष को चुना।

जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले देश में लगातार आतंकी घटनाएं होती थीं, लेकिन अब स्थिति बदली है और सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ खुली कार्रवाई की छूट दी गई है।

उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में है और दुनिया भारत की बातों को गंभीरता से सुनती है।

आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष पर भी हमला किया और कहा कि आतंकियों के मारे जाने पर कुछ लोगों ने आंसू बहाए थे, लेकिन सरकार ने सख्त नीति अपनाई है।

पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सिंधु जल समझौता निलंबित किया जा चुका है और भारत का पानी पाकिस्तान नहीं जाने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button