फ्लाइट में दिखे गोपाल राव के खिलाफ लगे ‘चढ़ावा चोर’ के नारे

6 जुलाई की ट्रस्ट बैठक पर सबकी नजर

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव को फ्लाइट में देखकर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने उन्हें देखकर ‘चंदा चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। स्थिति को संभालने के लिए फ्लाइट की केबिन क्रू को यात्रियों को शांत कराना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 2 जुलाई की है। गोपाल राव सुबह 7:05 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E0231 के जरिए बेंगलुरु जा रहे थे। उसी दौरान विमान में मौजूद कुछ यात्रियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। इस घटना की जानकारी शनिवार को एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने दी।

उधर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 6 जुलाई को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक का एजेंडा जारी कर दिया है। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और न्यासी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला लिया जाएगा। साथ ही एसआईटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट और मंदिर प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा होगी।

सूत्रों के अनुसार, रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान मंदिर की सजावट में वित्तीय अनियमितताओं की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सजावट का काम अलग-अलग ठेकेदारों को दिया गया था और बाद में अतिरिक्त कार्य दिखाकर अधिक भुगतान किया गया।

इधर, आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की है। वहीं, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने शुक्रवार को डॉ. अनिल मिश्रा से करीब तीन घंटे पूछताछ की। गोपाल राव से भी कई सवाल किए गए और दोनों से संपत्ति संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं। जांच एजेंसी उनके बैंक स्टेटमेंट की भी जांच करेगी। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों का ऑडिट भी मांगा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button