रामा मेडिकल कॉलेज के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

कानपुर। कानपुर के रामा मेडिकल कॉलेज से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। कॉलेज के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शैलेंद्र कुमार (27) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चित्रकूट जनपद का रहने वाला था। शैलेंद्र मेडिकल कॉलेज में थर्ड ईयर का छात्र था और पढ़ाई को लेकर लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहा था।

दरवाजा अंदर से बंद, खिड़की से दिखा शव

घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह बगल के कमरे में रहने वाला छात्र शैलेंद्र के कमरे पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटकाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांकने पर शैलेंद्र का शव कमरे में रस्सी के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया। घबराए छात्र ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच

सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के बाद शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। मामला बिठूर थाना क्षेत्र के बगधौदी बांगर इलाके का है।

दो बार बैक आने से था परेशान: ACP

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि शैलेंद्र कुमार पढ़ाई में लगातार आ रही परेशानियों के कारण तनाव में था। परीक्षा में दो बार बैक आने से वह काफी परेशान हो गया था। एक बार वह बीच में ही घर चला गया था, जिस कारण परीक्षा भी नहीं दे सका। थर्ड ईयर में दोबारा बैक आने के बाद उसकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button