- बर्थडे पार्टी के बहाने रचा खौफनाक प्लान
-
कार में बंधक बनाकर मांगी एक लाख की फिरौती
-
तमंचे की नोक पर हुआ अपहरण, पिता से मांगे पैसे
कानपुर / महाराजपुर। दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए पूर्व प्रधान के बेटे और एलएलबी छात्र ने अपने साथियों संग मिलकर एक युवक का अपहरण कर लिया। युवक को कार में अगवा कर जमकर पीटा गया, फिर कनपटी पर तमंचा तानकर एक लाख रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित युवक ने किसी तरह अपने पिता से संपर्क कर 30 हजार रुपये की व्यवस्था कराई, जिसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ा।
घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने वीडियो सबूत के आधार पर दो घंटे में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान का बेटा है, जबकि इस वारदात का उद्देश्य आरोपी आदिल अहमद का जन्मदिन मनाना बताया गया है।
बाइक से जा रहे युवक को बीच रास्ते से अगवा किया
नगरा निवासी इकबाल बहादुर का बेटा शैलेश मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अपने दो साथियों के साथ बाइक से प्रेमपुर से नगरा जा रहा था। तभी नवोदय नगर ओवरब्रिज के पास एक कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोका। कार से चार युवक उतरे और शैलेश के दोनों साथियों को पीटकर भगा दिया, जबकि शैलेश को जबरन कार में बैठा लिया गया। कार में कुल छह युवक मौजूद थे, जिन्होंने शैलेश को घूंसों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा।
कनपटी पर तमंचा, एक लाख की डिमांड
शैलेश ने बताया कि कार सवार युवक उसे लगातार करीब डेढ़ घंटे तक शहर में घुमाते रहे। इसी दौरान एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर तमंचा तानते हुए एक लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। शैलेश ने पहले अपने जीजा को कॉल किया लेकिन रकम की व्यवस्था नहीं हो सकी। इसके बाद उसने पिता से संपर्क किया, जिन्होंने किसी तरह 30 हजार रुपये की व्यवस्था की।
फिरौती लेकर छोड़ा, वीडियो बना ले गया शैलेश
पिता से बात होने के बाद आरोपियों ने नवोदय पुल के पास मिलने को कहा। यहां दो अन्य युवक—शिवम और विवेक—बाइक से पहुंचे और शैलेश के पिता से 30 हजार रुपये लिए। शैलेश कार में ही मौजूद था और उसने चुपचाप आरोपियों का फिरौती लेते हुए वीडियो बना लिया। रात करीब 9:30 बजे आरोपी युवक को सड़क किनारे उतार कर फरार हो गए।
दो घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार
शैलेश अपने पिता के साथ थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोकेशन ट्रैक कर हाथीगांव के एक ग्राउंड में दबिश दी, जहां आरोपी पार्टी कर रहे थे। यहां से पुलिस ने सूरज ठाकुर, शिवम, विवेक और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पूर्व प्रधान और उसके बेटे से जुड़े
मुख्य आरोपी सूरज सिंह, नरवल थाना क्षेत्र के थरेपाह गांव का निवासी है और एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसके पिता विजय प्रताप सिंह गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूरज पर आर्म्स और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। वहीं फरार चल रहा आदिल अहमद सरसौल के कमालपुर गांव का रहने वाला है और पूर्व प्रधान स्वर्गीय अनवर अहमद का बेटा है। अपहरण में इस्तेमाल कार आदिल की ही है।
पहले भी कर चुके हैं फिरौती
पुलिस जांच में सामने आया है कि बीते दिसंबर-जनवरी में भी सूरज सिंह और उसके साथियों ने शैलेश का अपहरण कर 50 हजार रुपये वसूले थे, लेकिन डर के चलते तब कोई शिकायत नहीं की गई थी।
पुलिस आयुक्त अखिल कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी संजय कुमार की अगुवाई में टीम गठित कर चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि आदिल की तलाश जारी है।







