
लखनऊ स्थित पायनियर मांटेसरी इंटर कॉलेज एल्डिको में रविवार को विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 की राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसी दौरान राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए विवरणिका और पोस्टर का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में विज्ञान भारती के संगठन मंत्री अंकित राय, लमहासचिव और आईआईटीआर के प्रधान वैज्ञानिक रजनीश चतुर्वेदी, वीवीएम जोनल कोआर्डिनेटर शर्मिला सिंह, राज्य समन्वयक प्रदीप नारायण मिश्र, नीरज यादव और डॉ. आशुतोष तिवारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर
कार्यशाला में विज्ञान भारती, एनसीईआरटी और एनसीएसएम के तत्वावधान में आयोजित होने वाली परीक्षा की विस्तृत जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश के 27 जनपदों से आए जिला समन्वयक और विज्ञान शिक्षक भी शामिल हुए।
बैठक में विद्यार्थियों के बीच विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देने का माध्यम है।
विद्यालय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर
अधिकारियों ने विद्यालय स्तर पर अभियान चलाकर छात्रों को जोड़ने पर बल दिया। कहा गया कि इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों में जागरूकता बढ़ाने की योजना पर भी विचार हुआ।









