लखनऊ में रोडवेज बस ने बाइक सवार को रौंदा

निगोहां में अनियंत्रित बस ने बाइक और कार को मारी टक्कर, युवक की मौत

लखनऊ। लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायबरेली से लखनऊ आ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गई और सामने से आ रही बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब 9 बजे दखिना शेखपुर स्थित अपना ढाबा के पास हुई। रायबरेली डिपो की बस (UP 33 AT 6494) लखनऊ की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया। बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही होंडा एसपी बाइक (UP 33 BE 0883) तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार (UP 32 TN 0480) को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार पिंटू (निवासी छोटीखेड़ा, थाना बछरावां, रायबरेली) की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे हाईटेंशन पोल से जा टकराई। हालांकि बिजली लाइन से जुड़ी बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button