
- वार्डवार सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच और परामर्श
- नगर पालिका परिषद व स्वच्छ भारत मिशन टीम की सक्रिय भागीदारी
- 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान
अकबरपुर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत रविवार को सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बीना सिंह की अध्यक्षता में स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा किट का वितरण कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका की ओर से वरिष्ठ लिपिक अनूप सोनकर और स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी जसवंत सिंह यादव ने भी भाग लिया। दोनों अधिकारियों ने मंच से स्वच्छता कर्मियों का माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। सम्मानित सफाई मित्रों में विशाल, विजय कुमार, राम बहाल, अमृतलाल, संजय सहित कई अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
सुरक्षा किट में आवश्यक उपकरण किए गए वितरित
कार्यक्रम के दौरान जो सुरक्षा किट वितरित की गई, उसमें गमबूट, मास्क, ग्लव्स, वर्दी, हेलमेट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण शामिल रहे। अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने कहा कि यह सुरक्षा उपकरण सफाई कर्मियों को त्वचा रोगों, अस्थमा और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई मित्रों को सुरक्षित और गरिमामय वातावरण में कार्य करने का अधिकार है, और यह प्रयास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
सम्मान समारोह के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर में दो दिवसीय सफाई मित्र सुरक्षा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर के पहले दिन विभिन्न वार्डों से आए सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई। आज शिविर के दूसरे दिन रसूलाबाद, मीरानपुर, गांधीनगर, मुरादाबाद, शास्त्री नगर, पटेल नगर, शाहजहांपुर और इंद्रलोक वार्ड के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।









