कानपुर। सावन के दूसरे सोमवार को कानपुर के प्रसिद्ध बाबा आनंदेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार देर रात से ही मंदिर के बाहर भक्तों की कतार लग गई थी। भोर करीब 2 बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुले, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन और जलाभिषेक शुरू किया।
सुबह तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा आनंदेश्वर के दर्शन कर चुके थे। मंदिर परिसर लगातार ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा। भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सेवादारों ने संभाली व्यवस्था
भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जूना अखाड़ा की ओर से सेवादार तैनात किए गए हैं। सेवादार श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर व्यवस्थित तरीके से दर्शन करा रहे हैं, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों के किनारे पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस चौकी में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पुलिसकर्मी CCTV फुटेज के जरिए पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।









