SBI लॉकर से 50 लाख के जेवर गायब, बैंक पर लापरवाही का आरोप

स्वरूप नगर की शाखा में लॉकर नंबर 23 से जेवर गायब होने का दावा, पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

कानपुर। कानपुर के स्वरूप नगर स्थित SBI की शाखा के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये कीमत के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है। कौशलपुरी निवासी महिला ने बैंक प्रबंधक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की। स्वरूप नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2003 में खुलवाया था सेविंग अकाउंट

कौशलपुरी निवासी रश्मि अरोड़ा के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2003 में स्वरूप नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर की शाखा में सेविंग अकाउंट खुलवाया था। बैंक की ओर से उन्हें लॉकर नंबर 23 आवंटित किया गया था। महिला का दावा है कि उन्होंने इस लॉकर में करीब 50 लाख रुपये कीमत के जेवरात रखे थे।

पति की मौत के बाद रश्मि लखनऊ में अपनी बेटी के घर रहने लगीं। करीब चार महीने पहले वह बेटी के साथ बैंक पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर का भारतीय स्टेट बैंक में विलय हो चुका है। उनके खाते से लॉकर का चार्ज भी कट रहा था।

बीती 21 जुलाई को उन्होंने खाते में रकम जमा की। इसके बाद बैंक की ओर से उन्हें लॉकर नंबर की जानकारी दी गई। हालांकि, उस दिन चाबी उपलब्ध नहीं होने के कारण वह लॉकर नहीं देख सकीं।

27 जुलाई को गायब मिले जेवरात

रश्मि के मुताबिक, 27 जुलाई को वह दोबारा बैंक पहुंचीं और लॉकर खोला तो उसमें रखे जेवरात गायब मिले। उन्होंने बैंक कर्मचारियों और पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन उनका आरोप है कि उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की। स्वरूप नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button