स्कूल बस खाई में उतरी, बड़ा हादसा टला, 40 बच्चे सुरक्षित

भीखपुर पेट्रोल पंप के पास सुबह हुआ हादसा

जलालपुर क्षेत्र के भीखपुर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। डायनेमिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सामने आई स्कूटी सवार अध्यापिका को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई।

पेड़ के सहारे अटकी बस, पलटने से बची

हादसे के दौरान बस पूरी तरह पलटी नहीं और पास स्थित पेड़ की डाल पर अटक गई। इसी कारण बस में सवार करीब 40 स्कूली बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्कूटी सवार शिक्षिका घायल

जानकारी के अनुसार, श्रीपुर निवासी शिक्षिका ज्योतिषना स्कूटी से घर से निकलकर मरहरा रोड होते हुए गौसपुर ककरहिया के पास नहर पुलिया पार कर जलालपुर-बसखारी मार्ग पर जा रही थीं। इसी दौरान बसखारी की ओर से आ रही स्कूल बस ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन असंतुलित होकर खाई में उतर गया।

इस दौरान स्कूटी सवार शिक्षिका बस की चपेट में आकर घायल हो गईं। उन्हें तत्काल मंगुराडिला स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बच्चों में मची चीख-पुकार, लेकिन सभी सुरक्षित

हादसे के समय बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन बस के पलटने से बच जाने के कारण बड़ा नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button