UN मुख्यालय के बाहर आत्मदाह

न्यूयॉर्क में तिब्बती झंडा रखकर व्यक्ति ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत; पुलिस को मिले चीन विरोधी पर्चे

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय के बाहर गुरुवार शाम एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति बौद्ध भिक्षु के वेश में था। उसने घटना से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर फुटपाथ पर तिब्बती झंडा रखा और फिर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस को घटनास्थल से कुछ पर्चे मिले, जिन पर ‘चीन को तिब्बत से निकालो’ लिखा था। शुरुआती जांच में इसे तिब्बत मुद्दे से जुड़े विरोध प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने आत्मदाह के पीछे की अंतिम वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के समय सभी आधिकारिक बैठकें समाप्त हो चुकी थीं, इसलिए UN के नियमित कामकाज पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button