
- कामता प्रसाद जनता इंटर कॉलेज में आयोजित संगोष्ठी
- शिक्षा और सामाजिक न्याय पर दिया जोर
- महापुरुषों के विचारों को बताया आज भी प्रासंगिक
अम्बेडकरनगर जिले के बसखारी स्थित कामता प्रसाद जनता इंटर कॉलेज में रविवार को ‘ज्योतिबा फुले और डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सम्यक सम्बुद्ध चैरिटेबल ट्रस्ट किछौछा के तत्वावधान में हुआ। अध्यक्षता डीआर अम्बेश ने की, जबकि संचालन धर्मशील ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में मोहम्मद शफी नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर के शिक्षक मोहम्मद असलम खान ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर और ज्योतिबा फुले ने समाज सुधार के जरिए समानता आधारित व्यवस्था को मजबूत किया। दोनों ने शिक्षा और सामाजिक न्याय को समाज की नींव बताया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी इनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक
अध्यक्ष डीआर अम्बेश ने कहा कि महापुरुषों का योगदान केवल इतिहास तक सीमित नहीं है। उनके विचार आज भी समाज के निर्माण में मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में समानता और जागरूकता के लिए इन विचारों को अपनाना जरूरी है।
संचालक धर्मशील ने कहा कि समाज में व्याप्त भेदभाव और कुरीतियों को खत्म करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
संविधान के जरिए समान अधिकार की बात
अधिवक्ता रामलोचन ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला हैं।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा खोज परीक्षा में सफल छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शांति, कांति यादव, बबिता, प्रेमचंद, सुरेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









