
- 9वीं से 12वीं तक ऑनलाइन क्लास के निर्देश
- ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या में आई कमी
- मौसम विभाग ने 24 मई तक लू का अलर्ट जारी किया
आगरा। आगरा इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। जिले में तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने 20 मई को 12वीं तक के स्कूलों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
8वीं तक स्कूल बंद, 9वीं से 12वीं तक ऑनलाइन क्लास
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 20 मई को बंद रहेंगे। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी।
यह आदेश सभी बोर्ड के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होगा। आदेश का पालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 मई तक आगरा में लू चलने की चेतावनी जारी की है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
ताजमहल पर भी दिखा गर्मी का असर
भीषण गर्मी का असर विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर आने वाले पर्यटकों की संख्या पर भी देखने को मिला। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय पर्यटकों की संख्या काफी कम हो गई।
स्थिति यह रही कि ताजमहल परिसर की प्रसिद्ध डायना बेंच भी दोपहर में खाली नजर आई। धूप के कारण बेंच इतनी गर्म हो गई कि उस पर बैठकर फोटो खिंचवाना मुश्किल हो गया।
लू और गर्म हवाओं से लोग बेहाल
आगरा में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
गर्मी से बचने के लिए लोग सिर और चेहरे को ढककर बाहर निकल रहे हैं, जबकि खुले में काम करने वाले लोग छांव की तलाश करते नजर आ रहे हैं।









