लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर: चौराहों पर ग्रीन नेट, बंथरा में मजदूर की मौत

43°C तक पहुंच सकता है तापमान, मौसम विभाग ने जारी किया वार्म नाइट और लू का अलर्ट

  • लखनऊ में भीषण गर्मी और लू का असर जारी
  • ट्रैफिक पुलिस ने चौराहों पर लगवाए ग्रीन नेट
  • बंथरा में मजदूर की संदिग्ध गर्मी से मौत

लखनऊ। लखनऊ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों का हाल बेहाल है। गर्मी से राहत देने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई ज्यादा वेटिंग वाले चौराहों पर ग्रीन नेट लगवाए हैं, ताकि सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को सीधी धूप से बचाया जा सके।

इसी बीच बंथरा इलाके से दुखद खबर सामने आई है, जहां धूप में काम कर रहे एक मजदूर की पानी पीते ही मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि मजदूर को लू लगी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। सोमवार के लिए मौसम विभाग ने “वार्म नाइट” का अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि रात में भी गर्म हवाएं चलेंगी और लोगों को राहत नहीं मिलेगी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री रह सकता है। दिनभर 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस दौरान हीट स्ट्रोक, चक्कर, सिरदर्द, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा सबसे ज्यादा रहेगा। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास ध्यान रखने की हिदायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button