सिद्धार्थनगर में मस्जिद-मदरसे के अवैध हिस्से पर चला बुलडोजर

9 हजार वर्गफीट हिस्सा ढहाया- सरकारी जमीन पर बने 59 साल पुराने मस्जिद-मदरसे पर हुई कार्रवाई

  • छह बुलडोजर और करीब 100 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में चला अभियान
  • सपा विधायक समेत 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई का विरोध किया
  • पुलिस से बहस और धक्का-मुक्की के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में मंगलवार को सरकारी जमीन पर बने मस्जिद-मदरसे के कथित अवैध हिस्से के खिलाफ प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव में सुबह करीब 7 बजे एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम पहुंची।

कार्रवाई के दौरान पांच थानों की पुलिस के करीब 100 जवान और छह बुलडोजर मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन के मुताबिक करीब 14 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बने मस्जिद-मदरसे के 9 हजार वर्गफीट हिस्से को अवैध पाया गया था।

दो घंटे में ढहाए गए कई हिस्से

प्रशासन ने कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। करीब दो घंटे चली कार्रवाई के दौरान मस्जिद के आधे हिस्से और मदरसे के आधे हिस्से को ढहा दिया गया। इसके अलावा सात कमरे और एक दुकान भी ध्वस्त की गई।

बताया गया कि मस्जिद-मदरसा करीब 59 साल पुराना है। प्रशासन का कहना है कि निर्माण सरकारी जमीन पर किया गया था।

सपा विधायक ने किया विरोध

कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद डुमरियागंज की सपा विधायक सैय्यदा खातून, सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव समेत 50 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। करीब आधे घंटे तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button