पुणे में अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 20 वर्षीय सिया गोयल की सोशल मीडिया पोस्ट्स अब चर्चा का विषय बन गई हैं। इंस्टाग्राम पर सिया और केतन के रिश्ते की तस्वीरें किसी परफेक्ट लव स्टोरी जैसी नजर आती थीं। दोनों नवंबर में शादी करने वाले थे और फरवरी में उनकी सगाई हुई थी।
सिया अक्सर केतन के साथ बिताए गए खास पलों को सोशल मीडिया पर साझा करती थी। कभी प्रपोजल की तस्वीरें, कभी फूलों के साथ प्यार का इजहार और कभी डांस व रोमांटिक वीडियो पोस्ट किए जाते थे। एक पोस्ट में उसने लिखा था कि उसके दिल को उसका घर मिल गया है। वहीं, केतन भी सिया को सरप्राइज देने और खुश रखने के लिए लगातार प्रयास करता नजर आता था।
पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले पर केतन की हत्या की गई। जांच के दौरान 33 डिग्री तापमान में हुडी पहनकर पहुंचे एक युवक पर पुलिस को शक हुआ। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
हैरानी की बात यह है कि 19 जून को अपने जन्मदिन पर सिया ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट करते हुए लिखा था कि केतन उसे जन्मदिन पर अकेला छोड़कर चला गया और वापस आ जाए। इस पोस्ट के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया। अब सोशल मीडिया पर दोनों की पुरानी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।









